Home / दिल्ली

दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ 6 मंत्री भी लेंगे शपथ, रामलीला मैदान में तैयारियां पूरी

शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी सहित कई नेता होंगे शामिल

नई दिल्ली। दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज रामलीला मैदान में शपथ लेंगी। उनके साथ 6 मंत्री भी शपथ लेंगे।  भाजपा ने कैबिनेट में जाट, सिख, पंजाबी, दलित और पूर्वांचली नेताओं को शामिल करके जातिगत संतुलन साधने की कोशिश की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंत्रिमंडल में प्रवेश वर्मा (जाट), मनजिंदर सिरसा (सिख), आशीष सूद (पंजाबी) और रविंदर इंद्रज सिंह (दलित) शामिल होंगे। पूर्वांचल के प्रतिनिधि बतौर पंकज सिंह और कपिल मिश्रा को शामिल किया गया है।

रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। उनसे पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। भाजपा से वो दूसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। शपथ के बाद वह ममता बनर्जी के साथ देश की दूसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। भाजपा शासित राज्यों में वह अकेली महिला मुख्यमंत्री होंगी। रेखा गुप्ता पहली बार विधायक बनी हैं। इससे पहले वह तीन बार पार्षद रह चुकी हैं। उन्होंने अपना राजनीतिक सफर एबीवीपी से शुरू किया था। वह दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन की अध्यक्ष भी रही हैं।

पीएम मोदी सहित कई नेता होंगे शामिल

करीब 27 साल बाद दिल्ली की गद्दी पर काबिज भाजपा शपथ ग्रहण में भी कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। रामलीला मैदान में इसकी जोरदार तैयारियां की गई हैं। इसमें पीएम मोदी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। बीजेपी के सहयोगी दल और विशेष अतिथि भी मौजूद रहेंगे। इनमें झुग्गी प्रधान, ऑटोरिक्शा और कैब चालक शामिल हैं। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आतिशी, कांग्रेस दिल्ली इकाई के प्रमुख देवेंद्र यादव को बुलाया गया है।

 

 

You can share this post!

रेखा गुप्ता होंगी दिल्ली के नए मुख्यमंत्री, विधायक दल की बैठक में लगी मुहर, प्रवेश वर्मा होंगे डिप्टी सीएम

राष्ट्रपति ने दी मंजूरी: सत्येंद्र जैन पर मनी लॉन्ड्रिंग केस चलेगा

Leave Comments