नई दिल्ली। दिल्ली में करीब 26 साल बाद विधानसभा पर कब्जा करने के बाद अब भाजपा ने एमसीडी पर भी कब्जे की तैयारी में जुट गई है। शनिवार को आम आदमी पार्टी के तीन पार्षद भाजपा में शामिल हुए। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की उपस्थिति में इन आप पार्षदों ने भाजपा का हाथ थामा। आज एंड्रयूज गंज से पार्षद अनीता बसोया, आरके पुरम से पार्षद धर्मवीर और चपराना वार्ड से पार्षद निखिल भाजपा में शामिल हुए।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पिछली दिल्ली सरकार के सभी गलत काम खत्म होने वाले हैं, उन्हें सजा दी जाएगी। फिर चाहे वह शीश महल हो, शराब घोटाला हो, जल बोर्ड घोटाला हो, पैनिक बटन घोटाला हो, राशन कार्ड घोटाला हो या फिर मोहल्ला क्लिनिक घोटाला। हर उस व्यक्ति को सजा मिलेगी जिसने दिल्ली को लूटने का काम किया है। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
भाजपा की नजर दिल्ली के महापौर पद पर
दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत के बाद अब भाजपा की नजर महापौर पर है, जिसके लिए अप्रैल में चुनाव होने वाले हैं। आम आदमी पार्टी ने पिछले साल नवंबर में हुए महापौर चुनाव में तीन मतों से जीत हासिल की थी। बीजेपी नेताओं ने बुधवार को कहा कि भाजपा आसानी से अपने पार्षद को महापौर बनवा सकती है। बीजेपी की दिल्ली इकाई के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में 48 सीट जीतने वाली भाजपा के पास दिल्ली नगर निगम में 14 मनोनीत सदस्यों में से 10 होंगे, जबकि ‘आप' के पास चार होंगे। इसके अलावा, ‘आप' के कई पार्षद नयी सरकार के तहत अपने वार्डों के विकास के लिए भाजपा में आने को तैयार हैं। इससे भाजपा महापौर चुनाव में अपने जीत के प्रति आश्वस्त है।
Leave Comments