मुंबई। आज सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को शेयर बाजार में अमंगल दिखाई दे रहा है। बीएसई सेंसेक्स 400 अंक से नीचे आ गया है, वहीं निफ्टी भी 22,300 के नीचे कारोबार कर रहा है। शेयर बाजार की यह हालत अमेरिका में मंदी की आशंका में हुई है।
अमेरिकी बाजार में भारी बिकवाली के बाद आज भारतीय बाजार भी डरे हुए खुले। आज भारतीय शेयर बाजार में प्री-ओपनिंग सेशन में ही गिरावट देखी गई। सेंसेक्स 350 अंकों की कमजोरी के साथ 73,743.88 पर खुला। इसी तरह निफ्टी 22,350 के नीचे दिखा। शुरुआती कारोबार में यह गिरावट और तेज हो गई. सुबह करीब सवा नौ बजे सेंसेक्स 422 अंकों की गिरावट के साथ 73,692.85 पर और निफ्टी 142 अंकों की कमजोरी के साथ 22,317.65 पर कारोबार करता दिखाई दिया। सबसे ज्यादा गिरावट आईटी, मीडिया और मेटल शेयरों में है। निफ्टी आईटी, मीडिया और मेटल इंडेक्स करीब 1.50% नीचे हैं। निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी रियल्टी, ऑटो और ऑयल एंड गैस इंडेक्स में भी करीब 1% की गिरावट है। इंडसइंड बैंक का शेयर 10% नीचे है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार 10 मार्च को सेंसेक्स 217 अंक की गिरावट के साथ 74,115 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी में 92 अंकों की गिरावट रही, ये 22,460 के स्तर पर बंद हुआ। रियल्टी और ऑयल एंड गैस शेयरों में सबसे ज्यादा फिसले। निफ्टी रियल्टी और ऑयल एंड गैस इंडेक्स 2% नीचे बंद हुआ। सरकारी बैंकों के इंडेक्स में 1.86% की गिरावट रही। ऑटो इंडेक्स भी 1.22% फिसला। निफ्टी एफएमसीजी इंडेक्स सबसे ज्यादा 0.22% ऊपर रहा है। सेंसेक्स पर पावर ग्रिड का शेयर 2.85% ऊपर जाकर बंद हुआ था।
Leave Comments