लखनऊ। आगरा के विश्व प्रसिद्ध ताजमहल के गुंबद में इन दिनों एक पौधा उग गाया है। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इसको लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने भाजपा सरकार और उसके विभागों को नाकाम बताया है।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा है कि विश्व भर के पर्यटकों को आकर्षित करनेवाले अजूबे ताजमहल के रख-रखाव को लेकर भाजपा सरकार व उसके विभाग पूरी तरह से नाकाम हैं। मुख्य गुंबद पर लगे कलश की धातु में जंग लगने की आशंका है। मुख्य गुंबद से पानी टपक रहा है। गुंबद में पेड़ उग आने का समाचार सुर्खियों में है। इन जैसे पेड़ों की जड़े अगर विकसित हुईं तो ताजमहल में दरारें आ सकती हैं। ताजमहल का परिसर बंदरों के लिए अभयारण्य बन गया है। बारिश में परिसर में पानी भर रहा है। अखिलेश यादव ने लिखा है कि पर्यटकों की परेशानी ये है कि वो ताजमहल निहारें या समस्याओं से निपटें। इन सब कारणों से दुनिया भर से आनेवाले पर्यटकों के बीच देश की छवि वैश्विक स्तर पर धूमिल होती है। सवाल ये है कि ताजमहल के रख-रखाव के लिए जो करोड़ों का फंड आता है, वो कहां जाता है?
विभाग ने कहा बारिश में होता है ऐसा
इस मामले पर ताजमहल का रखरखाव करने वाले विभाग एएसआई के अधीक्षण यंत्री डॉ राजकुमार पटेल ने कहा है कि बारिश में स्मारकों के ज्वाइंट में पानी जाता है। चिड़िया बिट करती है तो ज्वाइंट पर पेड़ उग आता है। 10 दिन में हम पौधों को निकालने का काम करेंगे और उसमें प्वाइंटिंग कर दी जाती है, यह प्रक्रिया होती है।
Leave Comments