जीतन राम मांझी का ऐलान: 2025 चुनावों में एनडीए को दिखाएंगे अपनी ताकत
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रमुख जीतन राम मांझी ने जहानाबाद में आयोजित मुसहर-भुईंया सम्मेलन में अपनी राजनीतिक ताकत और एनडीए से नाराजगी खुलकर जाहिर की।
- Published On :
20-Jan-2025
(Updated On : 20-Jan-2025 11:07 am )
जीतन राम मांझी का ऐलान: 2025 चुनावों में एनडीए को दिखाएंगे अपनी ताकत
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रमुख जीतन राम मांझी ने जहानाबाद के गांधी मैदान में आयोजित मुसहर-भुईंया सम्मेलन में अपनी राजनीतिक ताकत और एनडीए से नाराजगी खुलकर जाहिर की। उन्होंने कहा कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी एनडीए के भीतर या बाहर अपनी शक्ति का प्रदर्शन करेगी।

एनडीए से उपेक्षा पर नाराजगी
मांझी ने एनडीए पर उनकी पार्टी को नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड और दिल्ली चुनावों में उन्हें कोई सीट नहीं दी गई। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार में उनकी पार्टी का प्रदर्शन शानदार रहा है, और अगर मौका दिया गया होता, तो यही प्रदर्शन अन्य राज्यों में भी दोहराया जा सकता था।
40 सीटों की मांग का एलान
मांझी ने स्पष्ट किया कि 2025 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी कम से कम 40 सीटों की मांग करेगी और 20 सीटों से कम पर चुनाव लड़ने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि मुसहर और भुईंया समाज की आबादी को देखते हुए उनकी राजनीतिक ताकत को अनदेखा नहीं किया जा सकता।
तेजस्वी यादव पर तीखा हमला
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए मांझी ने कहा कि जब उनके माता-पिता सत्ता में थे, तो उन्होंने सिर्फ सत्ता का आनंद लिया और समाज के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तेजस्वी जनता को झूठे वादों और प्रलोभनों से गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बिहार की जनता उनके झूठे जाल में फंसने वाली नहीं है।।
एनडीए को संदेश
मांझी ने एनडीए को साफ संदेश दिया कि अगर उनकी पार्टी को उनकी ताकत के अनुसार सीटें नहीं मिलीं, तो वे अपने तरीके से आगे बढ़ेंगे। सम्मेलन में जनता की भारी भागीदारी को मांझी ने अपनी पार्टी के बढ़ते प्रभाव और जनता के विश्वास का प्रतीक बताया।
Previous article
संविधान गौरव अभियान: नड्डा का कांग्रेस पर हमला, राहुल गांधी पर तीखे सवाल
Next article
इंदौर के नगर एवं जिला अध्यक्ष चुनाव पर नेताओं की जिद भारी, क्या नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव तक टलेगी घोषणा
Leave Comments