पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में मराठी भाषा को लेकर बवाल मचा है। शिवसेना (यूबीटी) कार्यकर्ताओं ने पुणे में कर्नाटक नंबर प्लेट वाली बसों पर कालिख पोत दी। महाराष्ट्र और कर्नाटक के बॉर्डर पर बेलगावी में एक बस कंडक्टर की पिटाई के बाद से यह विवाद शुरू हुआ। पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया है।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र और कर्नाटक के बॉर्डर पर बसे बेलगावी में शनिवार को एक बस कंडक्टर की पिटाई के बाद से दोनों राज्यों के बीच तनाव का माहौल है। इस घटना को लेकर शिवसेना कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बेलगावी में एक मराठी भाषी बस चालक पर कथित तौर पर कन्नड़ भाषा में बात न करने के कारण हमला किया गया था। डीसीपी स्मार्टाना पाटिल ने कहा कि जैसे ही हमें पता चला कि शिवसेना (यूबीटी) के कार्यकर्ता यहां आकर कुछ करने वाले हैं, हमने तुरंत फोर्स भेजी और स्थिति को संभाला। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक बस पर काला रंग छिड़का। हालांकि, किसी भी बस या अन्य को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है।
वीडियो के आधार पर पकड़ेंगे आरोपी
डीसीपी पाटिल ने बताया कि आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में चार से पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है, लेकिन वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर जल्द ही अन्य लोगों की पहचान कर ली जाएगी।
बेलगावी में लंबे समय से है विवाद
जानकारी के अनुसार कर्नाटक ने बेलगावी से महाराष्ट्र के लिए बस सेवाएं रोक दी हैं। इस दौरान केवल कोगनोली चेकपॉइंट तक ही बसें भेजी गईं। इसके बाद महाराष्ट्र ने भी कर्नाटक के लिए बस सेवाएं बंद कर दीं। महाराष्ट्र ने केवल कागल तालुका तक ही बसों को भेजा। महाराष्ट्र और कर्नाटक के बॉर्डर पर बसे बेलगावी को लेकर दोनों राज्यों में सालों से विवाद चल रहा है। मौजूदा समय में बेलगावी कर्नाटक का हिस्सा है, लेकिन आजादी के बाद से ही महाराष्ट्र इस पर अपना दावा ठोकता आ रहा है।
Leave Comments