इंदौर। हनी सिंह के शो के आयोजकों ने सिर्फ नगर निगम को ही नहीं, बल्कि इंदौर की जनता को भी चूना लगाया है। बताया जा रहा है कि करीब सात बजे हनी सिंह स्टेज पर चढ़े और दर्शक जब तक पूरी मस्ती में आते उसके पहले ही करीब साढ़े आठ बजे अचानक कार्यक्रम स्थल से चले गए। ऐसे में महंगे टिकट खरीदकर रात 10 बजे तक हनी सिंह का शो देखने की आस में बैठे इंदौर के लोगों को काफी निराशा हुई।
उल्लेखनीय है कि हनी सिंह के कार्यक्रम के आयोजकों ने नगर निगम के बार-बार कहने के बावजूद भी मनोरंजन कर की राशि नहीं जमा कराई थी। महापौर पुष्यमित्र भार्गव के दबाव के बाद आज आयोजकों ने 7 लाख 84 हजार रुपए जमा कराए, लेकिन इसमें भी टिकट के आंकड़े छुपा गए। जब महापौर ने जीएसटी पोर्टल चेक कराया तो वहां कुछ और ही आंकड़ा दिखाई दे रहा था। इस पर महापौर ने कम से कम 50 लाख रुपए जमा कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
निगम की चेतावनी के बाद भी नहीं दी राशि
महापौर के निर्देश के बाद अपर आयुक्त लता अग्रवाल ने मेसर्स टी.वी. टुडे नेटवर्क लिमिटेड को नोटिस जारी किया है। इसमें स्पष्ट कहा गया है कि बगैर राशि जमा कराए आयोजन न हो। नोटिस में कहा गया है कि नियमानुसार 10 प्रतिशत मनोरंजन कर देना जरूरी है। नगर निगम ने नोटिस में लिखा है कि इस आयोजन के सकल आय का 10 प्रतिशत मनोरजन एवं आमोद कर अनिवार्य रूप से अग्रिम जमा करावाएं। निगम ने कहा कि 50 लाख की राशि कार्यक्रम शुरू होने से पहले जमा करा दें, सत्यापन के बाद अगर ज्यादा राशि निकली तो वापस कर दी जाएगी। इसके बावजूद आयोजकों ने राशि नहीं जमा कराई। सूत्र बताते हैं कि नगर निगम आयोजन स्थल से सामान जब्ती की तैयारी कर रहा है।
Leave Comments